Proverbs 7
World English Bible (en) → IRV Hindi 2019 (hi)
- 1
हे मेरे पुत्र, मेरी बातों को माना कर, और मेरी आज्ञाओं को अपने मन में रख छोड़।
- 2
मेरी आज्ञाओं को मान, इससे तू जीवित रहेगा, और मेरी शिक्षा को अपनी आँख की पुतली जान;
- 3
उनको अपनी उँगलियों में बाँध, और अपने हृदय की पटिया पर लिख ले।
- 4
बुद्धि से कह, “तू मेरी बहन है,” और समझ को अपनी कुटुम्बी बना;
- 5
तब तू पराई स्त्री से बचेगा, जो चिकनी चुपड़ी बातें बोलती है।
- 6
मैंने एक दिन अपने घर की खिड़की से, अर्थात् अपने झरोखे से झाँका,
- 7
तब मैंने भोले लोगों में से एक निर्बुद्धि जवान को देखा;
- 8
वह उस स्त्री के घर के कोने के पास की सड़क से गुजर रहा था, और उसने उसके घर का मार्ग लिया।
- 9
उस समय दिन ढल गया, और संध्याकाल आ गया था, वरन् रात का घोर अंधकार छा गया था।
- 10
और उससे एक स्त्री मिली, जिसका भेष वेश्या के समान था, और वह बड़ी धूर्त थी।
- 11
वह शान्ति रहित और चंचल थी, और उसके पैर घर में नहीं टिकते थे;
- 12
कभी वह सड़क में, कभी चौक में पाई जाती थी, और एक-एक कोने पर वह बाट जोहती थी।
- 13
तब उसने उस जवान को पकड़कर चूमा, और निर्लज्जता की चेष्टा करके उससे कहा,
- 14
“मैंने आज ही मेलबलि चढ़ाया और अपनी मन्नतें पूरी की;
- 15
इसी कारण मैं तुझ से भेंट करने को निकली, मैं तेरे दर्शन की खोजी थी, और अभी पाया है।
- 16
मैंने अपने पलंग के बिछौने पर मिस्र के बेलबूटेवाले कपड़े बिछाए हैं;
- 17
मैंने अपने बिछौने पर गन्धरस, अगर और दालचीनी छिड़की है।
- 18
इसलिए अब चल हम प्रेम से भोर तक जी बहलाते रहें; हम परस्पर की प्रीति से आनन्दित रहें।
- 19
क्योंकि मेरा पति घर में नहीं है; वह दूर देश को चला गया है;
- 20
वह चाँदी की थैली ले गया है; और पूर्णमासी को लौट आएगा।”
- 21
ऐसी ही लुभानेवाली बातें कह कहकर, उसने उसको फँसा लिया; और अपनी चिकनी चुपड़ी बातों से उसको अपने वश में कर लिया।
- 22
वह तुरन्त उसके पीछे हो लिया, जैसे बैल कसाई-खाने को, या हिरन फंदे में कदम रखता है।
- 23
अन्त में उस जवान का कलेजा तीर से बेधा जाएगा; वह उस चिड़िया के समान है जो फंदे की ओर वेग से उड़ती है और नहीं जानती कि उससे उसके प्राण जाएँगे।
- 24
अब हे मेरे पुत्रों, मेरी सुनो, और मेरी बातों पर मन लगाओ।
- 25
तेरा मन ऐसी स्त्री के मार्ग की ओर न फिरे, और उसकी डगरों में भूलकर भी न जाना;
- 26
क्योंकि बहुत से लोग उसके द्वारा मारे गए है; उसके घात किए हुओं की एक बड़ी संख्या होगी।
- 27
उसका घर अधोलोक का मार्ग है, वह मृत्यु के घर में पहुँचाता है।