Lamentations 3
World English Bible (en) → IRV Hindi 2019 (hi)
- 1
उसके रोष की छड़ी से दुःख भोगनेवाला पुरुष मैं ही हूँ;
- 2
वह मुझे ले जाकर उजियाले में नहीं, अंधियारे ही में चलाता है;
- 3
उसका हाथ दिन भर मेरे ही विरुद्ध उठता रहता है।
- 4
उसने मेरा माँस और चमड़ा गला दिया है, और मेरी हड्डियों को तोड़ दिया है;
- 5
उसने मुझे रोकने के लिये किला बनाया, और मुझ को कठिन दुःख और श्रम से घेरा है;
- 6
उसने मुझे बहुत दिन के मरे हुए लोगों के समान अंधेरे स्थानों में बसा दिया है।
- 7
मेरे चारों ओर उसने बाड़ा बाँधा है कि मैं निकल नहीं सकता; उसने मुझे भारी साँकल से जकड़ा है;
- 8
मैं चिल्ला-चिल्ला के दुहाई देता हूँ, तो भी वह मेरी प्रार्थना नहीं सुनता;
- 9
मेरे मार्गों को उसने गढ़े हुए पत्थरों से रोक रखा है, मेरी डगरों को उसने टेढ़ी कर दिया है।
- 10
वह मेरे लिये घात में बैठे हुए रीछ और घात लगाए हुए सिंह के समान है;
- 11
उसने मुझे मेरे मार्गों से भुला दिया, और मुझे फाड़ डाला; उसने मुझ को उजाड़ दिया है।
- 12
उसने धनुष चढ़ाकर मुझे अपने तीर का निशाना बनाया है।
- 13
उसने अपनी तीरों से मेरे हृदय को बेध दिया है;
- 14
सब लोग मुझ पर हँसते हैं और दिन भर मुझ पर ढालकर गीत गाते हैं,
- 15
उसने मुझे कठिन दुःख से भर दिया, और नागदौना पिलाकर तृप्त किया है।
- 16
उसने मेरे दाँतों को कंकड़ से तोड़ डाला, और मुझे राख से ढाँप दिया है;
- 17
और मुझ को मन से उतारकर कुशल से रहित किया है; मैं कल्याण भूल गया हूँ;
- 18
इसलिए मैंने कहा, “मेरा बल नष्ट हुआ, और मेरी आशा जो यहोवा पर थी, वह टूट गई है।”
- 19
मेरा दुःख और मारा-मारा फिरना, मेरा नागदौने और विष का पीना स्मरण कर!
- 20
मैं उन्हीं पर सोचता रहता हूँ, इससे मेरा प्राण ढला जाता है।
- 21
परन्तु मैं यह स्मरण करता हूँ, इसलिए मुझे आशा है:
- 22
हम मिट नहीं गए; यह यहोवा की महाकरुणा का फल है, क्योंकि उसकी दया अमर है।
- 23
प्रति भोर वह नई होती रहती है; तेरी सच्चाई महान है।
- 24
मेरे मन ने कहा, “यहोवा मेरा भाग है, इस कारण मैं उसमें आशा रखूँगा।”
- 25
जो यहोवा की बाट जोहते और उसके पास जाते हैं, उनके लिये यहोवा भला है।
- 26
यहोवा से उद्धार पाने की आशा रखकर चुपचाप रहना भला है।
- 27
पुरुष के लिये जवानी में जूआ उठाना भला है।
- 28
वह यह जानकर अकेला चुपचाप रहे, कि परमेश्वर ही ने उस पर यह बोझ डाला है;
- 29
वह अपना मुँह धूल में रखे, क्या जाने इसमें कुछ आशा हो;
- 30
वह अपना गाल अपने मारनेवाले की ओर फेरे, और नामधराई सहता रहे।
- 31
क्योंकि प्रभु मन से सर्वदा उतारे नहीं रहता,
- 32
चाहे वह दुःख भी दे, तो भी अपनी करुणा की बहुतायत के कारण वह दया भी करता है;
- 33
क्योंकि वह मनुष्यों को अपने मन से न तो दबाता है और न दुःख देता है।
- 34
पृथ्वी भर के बन्दियों को पाँव के तले दलित करना,
- 35
किसी पुरुष का हक़ परमप्रधान के सामने मारना,
- 36
और किसी मनुष्य का मुकद्दमा बिगाड़ना, इन तीन कामों को यहोवा देख नहीं सकता।
- 37
यदि यहोवा ने आज्ञा न दी हो, तब कौन है कि वचन कहे और वह पूरा हो जाए?
- 38
विपत्ति और कल्याण, क्या दोनों परमप्रधान की आज्ञा से नहीं होते?
- 39
इसलिए जीवित मनुष्य क्यों कुड़कुड़ाए? और पुरुष अपने पाप के दण्ड को क्यों बुरा माने?
- 40
हम अपने चाल चलन को ध्यान से परखें, और यहोवा की ओर फिरें!
- 41
हम स्वर्ग में वास करनेवाले परमेश्वर की ओर मन लगाएँ और हाथ फैलाएँ और कहें:
- 42
“हमने तो अपराध और बलवा किया है, और तूने क्षमा नहीं किया।
- 43
तेरा कोप हम पर है, तू हमारे पीछे पड़ा है, तूने बिना तरस खाए घात किया है।
- 44
तूने अपने को मेघ से घेर लिया है कि तुझ तक प्रार्थना न पहुँच सके।
- 45
तूने हमको जाति-जाति के लोगों के बीच में कूड़ा-करकट सा ठहराया है। (1 कुरि. 4:13)
- 46
हमारे सब शत्रुओं ने हम पर अपना-अपना मुँह फैलाया है;
- 47
भय और गड्ढा, उजाड़ और विनाश, हम पर आ पड़े हैं;
- 48
मेरी आँखों से मेरी प्रजा की पुत्री के विनाश के कारण जल की धाराएँ बह रही है।
- 49
मेरी आँख से लगातार आँसू बहते रहेंगे,
- 50
जब तक यहोवा स्वर्ग से मेरी ओर न देखे;
- 51
अपनी नगरी की सब स्त्रियों का हाल देखने पर मेरा दुःख बढ़ता है।
- 52
जो व्यर्थ मेरे शत्रु बने हैं, उन्होंने निर्दयता से चिड़िया के समान मेरा आहेर किया है; (भज. 35:7)
- 53
उन्होंने मुझे गड्ढे में डालकर मेरे जीवन का अन्त करने के लिये मेरे ऊपर पत्थर लुढ़काए हैं;
- 54
मेरे सिर पर से जल बह गया, मैंने कहा, ‘मैं अब नाश हो गया।’
- 55
हे यहोवा, गहरे गड्ढे में से मैंने तुझ से प्रार्थना की;
- 56
तूने मेरी सुनी कि जो दुहाई देकर मैं चिल्लाता हूँ उससे कान न फेर ले!
- 57
जब मैंने तुझे पुकारा, तब तूने मुझसे कहा, ‘मत डर!’
- 58
हे यहोवा, तूने मेरा मुकद्दमा लड़कर मेरा प्राण बचा लिया है।
- 59
हे यहोवा, जो अन्याय मुझ पर हुआ है उसे तूने देखा है; तू मेरा न्याय चुका।
- 60
जो बदला उन्होंने मुझसे लिया, और जो कल्पनाएँ मेरे विरुद्ध की, उन्हें भी तूने देखा है।
- 61
हे यहोवा, जो कल्पनाएँ और निन्दा वे मेरे विरुद्ध करते हैं, वे भी तूने सुनी हैं।
- 62
मेरे विरोधियों के वचन, और जो कुछ भी वे मेरे विरुद्ध लगातार सोचते हैं, उन्हें तू जानता है।
- 63
उनका उठना-बैठना ध्यान से देख; वे मुझ पर लगते हुए गीत गाते हैं।
- 64
हे यहोवा, तू उनके कामों के अनुसार उनको बदला देगा।
- 65
तू उनका मन सुन्न कर देगा; तेरा श्राप उन पर होगा।
- 66
हे यहोवा, तू अपने कोप से उनको खदेड़-खदेड़कर धरती पर से नाश कर देगा।”